
धमतरी। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र के डाही गांव में शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि दोस्तों ने ही अपने साथी की बल्ली और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। घटना के दौरान मौजूद अन्य दोस्त तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस ने मामले में 2 नाबालिगों समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

महाराष्ट्र से छुट्टी पर गांव आया था युवक
पुलिस के अनुसार मृतक हुलास मंडावी महाराष्ट्र में नौकरी करता था और हाल ही में छुट्टी पर अपने गांव डाही आया था। सोमवार रात वह अपने 9 दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बल्ली और पत्थर से किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान रोशन ध्रुव और मुकेश यादव ने हुलास मंडावी के सिर पर बल्ली और पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोस्त देखते रहे, किसी ने नहीं बचाया
घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब आरोपी हुलास पर हमला कर रहे थे, तब मौके पर मौजूद अन्य दोस्त मूकदर्शक बने रहे। किसी ने भी बीच-बचाव करने या घायल युवक की जान बचाने की कोशिश नहीं की।
2 नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 नाबालिगों सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों और सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है










