CG News: वीबी-जी राम-जी लागू होते ही छत्तीसगढ़ के श्रमिकों को बड़ी राहत, मजदूरी ₹261 से बढ़कर ₹300 प्रतिदिन

0
26

रायपुर। CG DASTAK 

विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) के लागू होने के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ के ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार ने अकुशल श्रमिकों के लिए नई मजदूरी दरें अधिसूचित कर दी हैं, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं। नई व्यवस्था के तहत राज्य में मजदूरी 261 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है, जिससे करीब 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

ग्रामीण श्रमिकों को मिलेगा सीधा लाभ

ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अकुशल हस्त श्रमिकों के लिए नई मजदूरी दर 300 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। इससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी और आजीविका को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

भोपालपट्टनम में मानव श्रृंखला बनाकर किया स्वागत

योजना लागू होने के पहले दिन ही बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम तहसील के तामलापल्ली गांव में ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर VB-G RAM G का स्वागत किया। राज्यभर के गांवों में भी योजना को लेकर उत्साह देखने को मिला और लोगों को इसके लाभों की जानकारी दी गई।

2 जुलाई को प्रदेश स्तरीय शुभारंभ

योजना का राष्ट्रीय शुभारंभ 2 जुलाई को आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ में इसका शुभारंभ कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में होगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे।

अब मिलेंगे 125 दिन रोजगार

नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। साथ ही 15 दिनों के भीतर मजदूरी भुगतान, बेरोजगारी भत्ता, डिजिटल जॉब कार्ड, तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली और पारदर्शी भुगतान व्यवस्था लागू की जाएगी।

योजना के तहत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर रहेगा। वहीं ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास और आजीविका संवर्धन के लिए भी नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की योजना अब ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का चयन हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here