
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। दीपावली से पहले राजधानी रायपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। गोल बाजार थाना क्षेत्र के गणेश राम नगर में शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर बने एक कमरे में कथित तौर पर पटाखे तैयार किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारकर पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तैयार पटाखों के पांच कार्टन, अधबने पटाखे और पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्युमिनियम पाउडर बरामद किया गया। टीम ने पटाखे बनाने वाले कमरे को सील कर दिया है। मामले में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर बने कमरे में दूसरे लोगों से पटाखे तैयार करवाए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी के कार्यालय की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। कार्रवाई गोल बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में की गई।
TOP TIGER नाम के पटाखे भी मिले
जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे, तैयार पटाखों के साथ बोरियों और कार्टन में रखे अधबने पटाखे भी मिले। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कम विस्फोटक श्रेणी का पदार्थ भी शामिल है।
कार्रवाई के बाद पटाखे तैयार करने वाले कमरे को सील कर दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
76 और 57 साल के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57), निवासी काली नगर, पंडरी को आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील: घरों में न बनाएं अवैध पटाखे
दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों या रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे न बनाएं और न ही उनका भंडारण करें।
पुलिस का कहना है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।









