
News:कांकेर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला के जंगल में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों का एक खुफिया डंप बरामद किया गया है। डंप से हथियार, संचार उपकरण, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम मंगलवार को आमाटोला के जंगल में सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। जांच करने पर वहां छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप मिला।
डंप से बरामद सामग्री
4 भरमार बंदूक
2 वायरलेस सेट
1 रेडियो
1 नक्सली वर्दी
2 पाउच
1 चार्जर
1 बैटरी
नक्सली साहित्य एवं अन्य उपयोगी सामग्री
सुरक्षाबलों ने सभी सामग्री को सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया। अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










