
News:रायपुर। CG DASTAK

राजधानी रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बन रहे विवादित निर्माण पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान निर्माणाधीन ढांचे को जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से ध्वस्त किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान परिसर के आसपास की दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे तथा पूरी कार्रवाई प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई।
सामुदायिक भवन या चर्च निर्माण को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार, इस निर्माण को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। आरोप लगाए जा रहे थे कि सामुदायिक भवन की अनुमति लेकर चर्च का निर्माण किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।

लीज समाप्त होने के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार संबंधित भूमि की लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बाद नियमों के तहत निर्माण को अवैध मानते हुए कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले में नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई गई है।
- फिलहाल प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।










