CG News: रायगढ़ में Window AC ब्लास्ट से भीषण आग, पिता की मौत, 19 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलसा

0
6

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र स्थित एक घर में लगे विंडो एसी में कथित ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में सो रहे पिता और पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में पिता पुरुषोत्तम पटेल की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

रात 3 बजे मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि पिता-पुत्र को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

मोहल्लेवासियों ने तोड़ा ताला, बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे पुरुषोत्तम पटेल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं राजवीर पटेल का अस्पताल में उपचार जारी है।

घर का पूरा सामान जलकर राख

भीषण आग में घर का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। घर में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। परिजनों के अनुसार, घायल राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद खुशियां मातम में बदल गईं।

एंबुलेंस और पुलिस की देरी पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विंडो एसी में ब्लास्ट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here