CG News: मुख्यमंत्री निवास में देर रात 2 बजे तक चली मैराथन बैठक, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर बोले मंत्री- ‘सब सेफ है, छत्तीसगढ़ सेफ है’

0
12

 

News:रायपुर CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास में गुरुवार देर रात करीब पांच घंटे तक हाई लेवल बैठक चली। बैठक में मुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। देर रात करीब 2 बजे बैठक समाप्त होने के बाद मंत्रियों ने बाहर आकर इसे सत्ता और संगठन की नियमित समीक्षा बैठक बताया।

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश और प्रदेश से बाहर दौरे पर मौजूद कई मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था। बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल की अटकलें तेज हो गई थीं।

मंत्रिमंडल फेरबदल पर नहीं हुई चर्चा : विजय शर्मा

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच इस तरह की बैठक हर तीन महीने में होती है। इसमें आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, प्रभार क्षेत्रों के दौरे और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर हुआ मंथन : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बैठक पूरी तरह नियमित थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

‘सब सेफ है, छत्तीसगढ़ सेफ है’ : रामविचार नेताम

बैठक के बाद मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब मुस्कुराइए… सब सेफ है और छत्तीसगढ़ सेफ है।” उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर लगाए जा रहे सभी कयास निराधार हैं।

कार्यों और दौरे की समीक्षा : केदार कश्यप

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में मंत्रियों और विधायकों के प्रभार क्षेत्रों के दौरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।

हालांकि देर रात अचानक बुलाई गई इस बैठक ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया था, लेकिन सरकार और भाजपा नेताओं ने इसे नियमित संगठनात्मक एवं प्रशासनिक समीक्षा बैठक बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here