
News:बिलासपुर। Cg dustak

बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या घृतलहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर क्रेशर संचालकों और ट्रक चालकों से कथित ‘रॉयल्टी चेक’ के नाम पर अवैध उगाही करने, शराब के लिए पैसे मांगने तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर वाहनों को रोकता था और रॉयल्टी जांच के नाम पर अवैध वसूली करता था। आरोप है कि वह लोगों को यह कहकर डराता था कि “शासन-प्रशासन मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता” और चकरभाठा व बिल्हा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ दहशत फैलाता था।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद बिल्हा पुलिस ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध वसूली में उपयोग किए जा रहे टेंट और कुर्सियां भी जब्त की गईं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी के अन्य साथियों दिलेश घृतलहरे, सोना कोसले, नारायण रात्रे और सुनील अनंत सहित अन्य की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध उगाही और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










