CG News: महासमुंद में 18 वर्षीय युवती की हत्या, जन्मदिन की रात हुई थी लापता; रेप के बाद हत्या की आशंका

0
14

News:महासमुंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झारा में रेत में दबी मिली 18 वर्षीय युवती की लाश के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका की पहचान भारती टंडन (18 वर्ष), पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और जांघ पर गहरे खरोंच के निशान मिलने से हत्या की पुष्टि हुई है। वहीं दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे हैं।

जन्मदिन की रात हुई थी लापता

परिजनों के अनुसार, 19 जून को भारती का 18वां जन्मदिन था। उसी रात वह घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने 20 जून को खल्लारी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके दो दिन बाद 22 जून को गांव के पास नाले के किनारे रेत में दबा उसका शव मिला।

रेत में दबी मिली थी लाश

ग्रामीणों ने नाले के पास बदबू आने पर देखा कि शव का कुछ हिस्सा रेत से बाहर निकला हुआ है। युवती के पैरों का हिस्सा जंगली जीवों ने नोच दिया था, जबकि निचला हिस्सा बिना कपड़ों के मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी लेगिंग भी बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव पाया गया, जिससे सिर की हड्डी भी टूट गई थी। जांघ पर गहरे खरोंच के निशान मिलने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की आशंका से इनकार नहीं किया है। अब अंतिम पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती का एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। आशंका जताई जा रही है कि जन्मदिन की रात वह उसी युवक से मिलने गई थी। पुलिस ने संबंधित युवक समेत कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल भी खंगाले जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here