
News:रायपुर। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 1 जुलाई 2026 से लागू की जा रही वीबी जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला स्तर पर प्रशिक्षण, ग्राम सभाएं और बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी जा रही है।
बेमेतरा में बनी मानव श्रृंखला

बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता का संदेश दिया। हाथों में तख्तियां लेकर ग्रामीणों ने “वीबी जी राम जी – गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की सराहना
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेमेतरा की इस पहल की सराहना करते हुए लिखा कि यह तस्वीर ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी इस जनभागीदारी की प्रशंसा की।
रोजगार और आजीविका के मिलेंगे नए अवसर
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और परिवारों की आय में वृद्धि करना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
30 जून तक पूरा होगा प्रशिक्षण
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि योजना का क्रियान्वयन बिना किसी बाधा के किया जा सके।
1 जुलाई से मिलेगा लाखों ग्रामीण परिवारों को लाभ
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लोगों को योजना से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का दावा है कि 1 जुलाई से योजना लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लाइव आकर दी जानकारी
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी मंगलवार को अपने फेसबुक लाइव के माध्यम से आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी राम जी योजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की और लाइव के दौरान लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।









