
जगदलपुर। CG DASTAK

बस्तर के युवाओं, विशेषकर जनजातीय छात्र-छात्राओं के लिए पहली बार कमर्शियल पायलट बनने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय और स्वावलंबी भारत अभियान की पहल पर देश की अग्रणी एयरलाइन इंडिगो ने बस्तर के युवाओं के लिए “Giving Wings to Fly” कार्यक्रम शुरू करने पर सहमति जताई है। इस पहल के तहत चयनित अभ्यर्थियों की कमर्शियल पायलट बनने तक की पूरी ट्रेनिंग और अन्य आवश्यक खर्च इंडिगो वहन करेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्रदान करना है। लाखों रुपये की ट्रेनिंग और अन्य प्रक्रियाओं का पूरा खर्च एयरलाइन उठाएगी, जिससे आर्थिक तंगी किसी भी योग्य छात्र के सपनों में बाधा नहीं बनेगी।
इस योजना के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 12वीं में फिजिक्स, गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ पढ़ाई की हो। पासपोर्ट होना आवश्यक शर्तों में शामिल है, हालांकि जिन अभ्यर्थियों के पास फिलहाल पासपोर्ट नहीं है, वे भी आवेदन कर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अंतिम चयन इंडिगो की प्रवेश परीक्षा और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय ने बस्तर संभाग के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी कर अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन कराने को कहा है। प्रारंभिक चरण में 2 से 3 अभ्यर्थियों के चयन की संभावना है, जबकि भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए और अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। 
यह पहल केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के युवाओं को देश के प्रतिष्ठित एविएशन सेक्टर से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। यदि यह योजना सफल होती है, तो आने वाले वर्षों में बस्तर के युवा और बेटियां विमान के कॉकपिट तक पहुंचकर पूरे क्षेत्र के लिए नई पहचान बनाएंगे।










