CG News: बलौदाबाजार का ‘साइको किलर’ गिरफ्तार, 4 महीने में शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों की हत्या का खुलासा

0
6

News:बलौदाबाजार। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के खर्वे गांव में पिछले चार महीनों में हुई आठ रहस्यमयी मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में गांव के ही 46 वर्षीय रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश, मानसिक कुंठा, अंधविश्वास और आर्थिक कारणों से अपने परिचितों को शराब में जहर मिलाकर मौत के घाट उतारा।

मामले की शुरुआत 6 जून 2026 को हुई, जब ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर फरवरी से 14 मई के बीच हुई आठ संदिग्ध मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। शिकायत के बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सात शवों को कब्र से निकालकर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। फोरेंसिक जांच के लिए डीएनए, विसरा और अन्य नमूने सुरक्षित रखे गए।

पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले चूहा मारने की दवा बताकर ‘सुहागा’ नामक जहरीला पदार्थ हासिल किया। इस जहर का परीक्षण उसने पहले एक आवारा कुत्ते पर किया। कुत्ते की मौत के बाद उसने गांव के लोगों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया।

शराब में जहर मिलाकर करता था हत्या

पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को शराब पिलाने के बहाने बुलाता था और उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें मौत के घाट उतार देता था। शुरुआती जांच में आठ लोगों की हत्या की पुष्टि हुई है। एक अन्य व्यक्ति की जान बचने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने किसी और वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here