
News:कवर्धा। Cg dustak
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में सोमवार रात मुख्य बाजार स्थित एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के भीतर रखा सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरी तीन मंजिला दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
दुकान बंद कर घर गए थे व्यापारी
पीड़ित व्यापारी नदीम अंसारी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद लोगों का फोन आया कि उनकी दुकान से आग की लपटें उठ रही हैं। मौके पर पहुंचने पर शटर खोलते ही देखा कि पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में था और आग तेजी से फैल चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद देर रात तक बाजार क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुटी रही।









