
बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई। कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए लोहे के जीआई तार में अचानक करंट दौड़ने से पहले पत्नी उसकी चपेट में आई और उसे बचाने पहुंचे पति की भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह हादसा मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा का है। जानकारी के अनुसार, सचिन चंद्राकर अपनी पत्नी रजनी चंद्राकर के साथ घर पर मौजूद थे। रजनी घर के कामकाज के बाद आंगन में लगे लोहे के जीआई तार पर कपड़े सुखाने गई थीं। जैसे ही उन्होंने तार को छुआ, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गईं।
पत्नी की चीख सुनकर सचिन तुरंत उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन जैसे ही उन्होंने रजनी को पकड़ने की कोशिश की, वे भी करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आंधी-तूफान बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले आई तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली का सर्विस वायर टूटकर नीचे गिर गया था। यह तार कपड़े सुखाने वाले जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिससे पूरे तार में करंट फैल गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।







