CG Chamber News: ट्रेड लाइसेंस शुल्क में बदलाव की मांग, वर्गफुट आधारित फीस खत्म करने CM से मिला चेम्बर

0
38

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के व्यापारियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने राज्य सरकार के समक्ष महत्वपूर्ण मांग रखी है। प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ नगर पालिका (व्यापार अनुज्ञापन) नियम, 2025 में लागू वर्गफुट (स्क्वायर फीट) आधारित पंजीकरण शुल्क व्यवस्था को समाप्त करने और इसकी जगह लाइसेंस आधारित फ्लैट शुल्क लागू करने की मांग की।

43 व्यवसायों को राहत का स्वागत, लेकिन नई शुल्क व्यवस्था पर आपत्ति

चेम्बर ने मुख्यमंत्री को बताया कि सरकार द्वारा 43 प्रमुख व्यवसायों को ट्रेड लाइसेंस की अनिवार्यता से मुक्त करने का फैसला स्वागतयोग्य है। इससे व्यापारिक प्रक्रियाएं सरल होंगी, लेकिन नियम-18 के तहत लागू वर्गफुट आधारित वार्षिक शुल्क व्यापारियों के लिए नई परेशानी बन गया है।

चेम्बर का कहना है कि नगर निगम क्षेत्रों में प्रति वर्गफुट ₹6 की दर से अधिकतम ₹30,000 वार्षिक शुल्क तय किया गया है, जिससे खासकर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

फ्लैट शुल्क व्यवस्था लागू करे सरकार’

प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि वर्गफुट के आधार पर शुल्क तय होने से दुकानों की नाप-जोख के नाम पर निरीक्षण, विवाद और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ेगी। उन्होंने मांग की कि सभी व्यापारियों के लिए लाइसेंसवार समान (फ्लैट) शुल्क प्रणाली लागू की जाए, जिससे व्यवस्था सरल और पारदर्शी बने।

उन्होंने कहा कि चेम्बर का उद्देश्य किसी सरकारी निर्णय का विरोध करना नहीं, बल्कि व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान सरकार तक पहुंचाना है।

व्यापारियों के हित में सकारात्मक निर्णय की उम्मीद

चेम्बर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि लाखों व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्गफुट आधारित शुल्क व्यवस्था समाप्त कर न्यायसंगत शुल्क प्रणाली लागू की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर व्यापारियों को राहत देंगे।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान चेम्बर संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, वाइस चेयरमैन चेतन तारवानी, सलाहकार अमर गिदवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष राजेश पोपटानी, मनीष प्रजापति, जितेन्द्र शादीजा, दिलीप इसरानी, ट्रांसपोर्ट चेम्बर अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी, आलू-प्याज आढ़तिया संघ के अध्यक्ष अजय कुमार अग्रवाल, विजय गोयल और गोल्डी सुराना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here