BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी : बड़े नेता का PA बनकर मांगे पैसे, FIR दर्ज

0
81

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को निशाना बनाते हुए ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (PA) बताकर डीजल भरवाने के नाम पर पैसे ऐंठ लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता का पीए बताया और रास्ते में परेशानी होने की बात कही। उसने तत्काल डीजल भरवाने के लिए पैसों की जरूरत बताकर रकम ट्रांसफर करने को कहा। भरोसे में आकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में करीब 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए।

बाद में आरोपी ने दोबारा पैसों की मांग की, जिससे विधायक को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने संबंधित नेता के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताते हुए कहा था कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परिवार मुसीबत में फंस गया है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

इस घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से पैसे मांगने पर तुरंत भरोसा न करें। पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और जानकारी की पुष्टि जरूर करें, उसके बाद ही किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here