10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना जनता पर सीधा अत्याचार – विधायक चातुरी नंद

0
29

विधायक नंद का बड़ा आरोप कहा देश को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही केंद्र सरकार, आम जनता पर महंगाई की दोहरी मार

सरायपाली/25 मई 2026। सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने केंद्र सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल के दामों में की जा रही बढ़ोतरी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बीते 10 दिनों में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना सीधे तौर पर आम जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक हमला है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों और अव्यवस्थित प्रबंधन का खामियाजा आज देश की जनता भुगत रही है।

सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने केंद्र सरकार द्वारा आज पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में की गई भारी बढ़ोतरी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि पेट्रोल में 3 रुपये 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये 11 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम जनता की जेबों में डाका डालने जैसा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह फैसला बेहद अन्यायपूर्ण और जनविरोधी है।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल की कमी और अव्यवस्था के कारण आम नागरिक परेशान थे, वहीं अब अचानक इतनी बड़ी मूल्य वृद्धि ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का पूरा बोझ आज देश के किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, वाहन चालकों और मध्यमवर्गीय परिवारों को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर सिर्फ ईंधन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन, खेती-किसानी और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ेगा। डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ेगी, सिंचाई प्रभावित होगी और बाजार में खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में और तेजी आएगी। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर पड़ेगा।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि देश पहले ही बढ़ती महंगाई, युवाओं में बेरोजगारी, छोटे व्यापारियों की आर्थिक परेशानी और घटती क्रय शक्ति जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी करना यह दर्शाता है कि सरकार को आम जनता की परेशानियों और देश की आर्थिक स्थिति की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज देश के सामने आर्थिक अस्थिरता का माहौल बन रहा है। बाजार में अनिश्चितता है, निवेश प्रभावित हो रहा है, रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और लगातार बढ़ती कीमतों से हर वर्ग परेशान है। आम नागरिक की आय वहीं है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे साफ है कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और केंद्र सरकार हालात संभालने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

विधायक चातुरी नंद ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए, बाजार में आपूर्ति सामान्य की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हित में आवाज उठाती रही है और आगे भी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here