सरायपाली की बेटी फैमिदा तबस्सुम ने 15,300 फीट ऊंचाई पर सफल पर्वतारोहण कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान – विधायक चातुरी नंद ने दी बधाई

0
240

महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड की होनहार बेटी एवं एडवांस रेंजर लीडर सुश्री फैमिदा तबस्सुम ने हिमालय की दुर्गम व चुनौतीपूर्ण पर्वत श्रृंखलाओं में 15,300 फीट की ऊंचाई तक सफल पर्वतारोहण कर न केवल सरायपाली विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे महासमुंद जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश का मान गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि सरायपाली की बेटी फैमिदा तबस्सुम ने कठिन परिस्थितियों में अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देकर यह साबित किया है कि हमारे क्षेत्र की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का सामर्थ्य रखती हैं। उनका यह साहसिक प्रयास युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 11 बाजारपारा सरायपाली निवासी सुश्री फैमिदा तबस्सुम, पिता श्री शेख शमसुद्दीन ने Atal Bihari Vajpayee Institute of Mountaineering and Allied Sports में आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 28 मई 2026 तक संचालित हुआ। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने 13 मई को हिमालय की कठिन चढ़ाई प्रारंभ की और 26 मई 2026 को 15,300 फीट की ऊंचाई पर सफलतापूर्वक ट्रैक एवं पर्वतारोहण पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

सुश्री फैमिदा तबस्सुम लंबे समय से स्काउटिंग एवं साहसिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने पंचमढ़ी स्थित राष्ट्रीय साहसिक एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा कई बार इन्वाइटेड स्टाफ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं भी दी हैं। इसके अलावा राजस्थान, तमिलनाडु, लखनऊ और बालोद सहित देशभर के विभिन्न राष्ट्रीय जंबूरी कैंपों में The Bharat Scouts and Guides के राज्य मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा इन्वाइटेड स्टाफ के रूप में चयनित होकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। साथ ही भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिविर में भी सक्रिय सहभागिता निभा चुकी हैं।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि फैमिदा तबस्सुम की यह उपलब्धि सरायपाली क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनकी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास ने पूरे क्षेत्र को गर्व करने का अवसर दिया है। उन्होंने कामना की कि फैमिदा आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हुए सरायपाली और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।

क्षेत्रवासियों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण, साहस और आत्मविश्वास की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here