कोरबा में दर्दनाक हादसा: लापता 2 साल के मासूम का नदी किनारे मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

0
34

कोरबा। CG DASTAK

मजदूरी के लिए माता-पिता के साथ आया था मासूम, खेलते-खेलते नाले में गिरने की आशंका

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के डेंगूनाला पुल के नीचे शुक्रवार सुबह दो साल के मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामपुर बस्ती निवासी केशव के रूप में हुई है, जो गुरुवार से लापता था।

जानकारी के अनुसार, केशव अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करने लालघाट क्षेत्र आया था। बताया जा रहा है कि नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुका था। इसी दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि मां बच्चे को दूध पिलाते-पिलाते वहीं सो गई।

जब मां की आंख खुली तो मासूम वहां नहीं था। इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले के पास पहुंच गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है

गौरतलब है कि हाल ही में डेंगूनाला में तेज बहाव के कारण एक दंपति भी हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here