
भिलाई। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में एक होटल के कमरे में 19 वर्षीय म्यूजिक आर्टिस्ट शादाब शेख की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
प्रेमिका के साथ होटल पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, शादाब शेख मंगलवार शाम अपनी उम्र में बड़ी प्रेमिका के साथ एक होटल पहुंचा था। देर रात उसके दोस्तों को सूचना मिली कि वह बेहोश है। सूचना मिलने पर दोस्त और परिजन होटल पहुंचे। कमरे का दरवाजा युवती ने खोला, जहां शादाब का शव बेड पर पड़ा मिला और पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ था।
परिजनों का आरोप- युवक की हुई हत्या
मृतक के परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया है। शादाब के भाई का कहना है कि उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उनका आरोप है कि पहले युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का यह भी दावा है कि घटना के बाद युवती रातभर होटल के कमरे में मौजूद रही।
पुरानी गर्लफ्रेंड के फोन के बाद हुआ विवाद
दोस्तों के अनुसार, शादाब का कुछ समय पहले अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था और उसने उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। बताया जा रहा है कि होटल में रहने के दौरान उसकी पूर्व प्रेमिका का फोन आया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
CCTV में कैद हुई गतिविधियां
परिजनों के मुताबिक, रात करीब साढ़े 11 बजे शादाब के दोस्त होटल पहुंचे थे, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सुबह करीब 6 बजे युवती अकेले कमरे से बाहर निकली और कुछ देर बाद वापस अंदर चली गई। यह पूरी गतिविधि होटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।

शव बेड पर मिला, फंदा पंखे से लटका था
सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब दोस्त दोबारा होटल पहुंचे और दरवाजा खुलवाया गया, तब शादाब का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि स्कार्फ का फंदा पंखे से बंधा हुआ था। परिजनों का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति आत्महत्या की कहानी से मेल नहीं खाती।
पुलिस बोली- सभी पहलुओं की जांच जारी
सुपेला थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फिलहाल पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को आरोपी घोषित नहीं किया है। मामले में आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।










