
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर में आज राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों, परिसीमन और आरक्षण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
15 निकायों और 2 नवगठित नगर पंचायतों में होंगे चुनाव
बैठक में बताया गया कि दिसंबर 2026 में कार्यकाल पूरा कर रही 15 नगरीय निकायों और 2 नवगठित नगर पंचायतों में आम चुनाव कराए जाएंगे।
नगर निगम: बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा,रिसाली
नगरपालिका परिषद: जामुल, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा, खैरागढ़
नगर पंचायत: प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़, भोपालपट्टनम
नवगठित नगर पंचायत: तमनार, बड़ी करेली
आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया जारी
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने बताया कि 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा किया जा चुका है। वहीं वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि नवगठित नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण और बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन एवं आरक्षण की कार्रवाई प्रगति पर है। साथ ही दो वार्ड पार्षद पदों पर हुई आकस्मिक रिक्तियों की जानकारी भी आयोग को दी गई।
समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं, ताकि आगामी नगरीय निकायों के आम एवं उप चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जा सकें।










