बाइक पर नकाब पहनकर करता था झपटमारी, 9 वारदातों का खुलासा; 2.50 लाख का माल बरामद

0
41

जगदलपुर। CG DASTAK 

शहर में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में 9 झपटमारी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है।

नकाब पहनकर महिलाओं को बनाता था निशाना

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजमन यादव (19), निवासी ग्राम कुएर, थाना मारडूम के रूप में हुई है। आरोपी बाइक पर नकाब पहनकर शहर के विभिन्न इलाकों में घूमता था और सुनसान स्थानों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था।

वह तेज रफ्तार बाइक से पीछे से पहुंचकर झपटमारी करता और मौके से फरार हो जाता था। बैग से नकदी और कीमती सामान निकालने के बाद बैग व मोबाइल फोन फेंक देता था।

लगातार वारदातों के बाद पुलिस हुई सक्रिय

28 जून को सिरहासार चौक के पास पर्स छीनने की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसके बाद 2 जुलाई और 5 जुलाई को भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। लगातार बढ़ रही वारदातों को देखते हुए पुलिस और साइबर टीम को अलर्ट किया गया तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई।

घेराबंदी कर दबोचा, 9 वारदातें कबूलीं

6 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दलपत सागर की ओर से पावर हाउस चौक की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4, कुल 9 झपटमारी की वारदातें करना स्वीकार किया।

दोस्तों के साथ मौज-मस्ती के लिए करता था अपराध

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से झपटमारी करता था।

उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

थाना प्रभारी ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here