
जगदलपुर। CG DASTAK
खरीफ सीजन में किसानों को नकली और अमानक खाद-बीज से बचाने के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग की टीम ने जिलेभर में खाद-बीज विक्रेताओं के यहां औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने एक साथ कई बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित कारोबारियों को कड़ा संदेश दिया है।

33 विक्रेताओं को नोटिस, 28 दुकानों की बिक्री पर रोक
कृषि विभाग की जांच में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने के बाद 33 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए 28 दुकानों में खाद और बीज की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है, ताकि बिना गुणवत्ता जांच वाले उत्पाद बाजार में न पहुंच सकें।

खाद-बीज जब्त, लाइसेंस निलंबित और एफआईआर दर्ज
प्रशासन की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। जांच के दौरान 6 दुकानों से खाद और बीज जब्त कर संबंधित प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में भेजे गए हैं।
गंभीर अनियमितता के एक मामले में संबंधित विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि दो अन्य दुकानों के लाइसेंस पूरी तरह निरस्त कर दिए गए हैं।

स्टॉक और कीमत प्रदर्शित करना होगा अनिवार्य
कृषि विभाग ने सभी खाद-बीज विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे अपनी दुकानों में उपलब्ध स्टॉक और निर्धारित बिक्री मूल्य को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इससे किसानों को सही जानकारी मिल सकेगी और अनियमितताओं पर रोक लगेगी।
किसानों के हितों से समझौता नहीं

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को नकली खाद-बीज बेचने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों को जिलेभर में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि खरीफ सीजन में किसानों को केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध हो सके।











