रायपुर के डूमरतराई थोक बाजार का 8 जुलाई को लोकार्पण | CM विष्णु देव साय करेंगे उद्घाटन

0
30

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डूमरतराई में विकसित आधुनिक थोक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण अब 8 जुलाई 2026 को किया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अत्याधुनिक थोक बाजार का लोकार्पण और नामकरण कर इसे प्रदेशवासियों एवं व्यापारियों को समर्पित करेंगे।

समारोह की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।

36 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक व्यापारिक परिसर

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह थोक बाजार आधुनिक व्यापारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, आधुनिक व्यापारिक अवसंरचना और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सरकार का दावा है कि यह बाजार रायपुर सहित पूरे प्रदेश की व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगा और व्यापारियों को एक सुरक्षित एवं व्यवस्थित कारोबार का वातावरण उपलब्ध कराएगा।

दो चरणों में हुआ निर्माण

डूमरतराई व्यापारिक परिसर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया गया है।

पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए। वहीं दूसरे चरण में करीब 145 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है।

दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक और समग्र थोक व्यापारिक केंद्र मिलने जा रहा है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

नवीन थोक बाजार से व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही नए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और रायपुर को एक संगठित व्यापारिक हब के रूप में विकसित करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इन जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी

लोकार्पण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और अधिकारी शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here