
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर जिले के नकटी गांव में हालिया प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) शासी परिषद की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट स्थित रेड क्रॉस सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पर्यावरण और ग्रामीण विकास से जुड़े करीब 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई।

DMF का हर रुपया जनता के हित में खर्च हो : बृजमोहन अग्रवाल
बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि DMF का प्रत्येक रुपया जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इसका उपयोग केवल जनहित एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
शिक्षा के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रावधान
बैठक में शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए 13 करोड़ रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इसके तहत:
आत्मानंद स्कूलों में अतिथि शिक्षकों के वेतन के लिए 8 करोड़ रुपये।
सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये।
पेयजल और पर्यावरण पर विशेष जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 8.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। साथ ही अधूरी पाइपलाइन परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और भूजल स्तर सुधारने के लिए वाटर रिचार्ज कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सांसद ने सख्त रुख अपनाते हुए इस मद की राशि 60 लाख रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बंद पड़ी खदानों की फेंसिंग और सुरक्षित व्यवस्थितीकरण के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा मजबूती
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसके तहत:
जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में गंभीर मरीजों की दवाइयों के लिए 50 लाख रुपये का अलग प्रावधान किया गया।
ग्रामीण विकास के लिए भी कई फैसले
बैठक में 348 गांवों में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने में सहायता, 14 हजार लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, मॉडल महतारी सदन, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार, कौशल विकास और पशुपालन विभाग के लिए भी वित्तीय प्रावधान स्वीकृत किए गए।
बैठक में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, कलेक्टर गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।










