
बलरामपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोरबा से पटना जा रही एक यात्री बस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। तेज बारिश के बीच हुई इस घटना में बस में मौजूद महिला यात्रियों ने प्रसूता की मदद कर सुरक्षित प्रसव कराया। बाद में मां और नवजात को बलरामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
चलती बस बनी डिलीवरी रूम
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात राजहसन बस कोरबा से पटना जा रही थी। बस में गर्भवती महिला अपने पति के साथ सफर कर रही थी। रात करीब 11 बजे अंबिकापुर पार करने के बाद महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक ने वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद बस में मौजूद महिला यात्री सुनती देवी सहित अन्य महिलाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया।
बलरामपुर अस्पताल में कराया गया भर्ती
प्रसव के बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां करीब आधे घंटे बाद महिला और नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनका उपचार जारी है।
यात्रियों ने दिखाई मानवता
बताया जा रहा है कि प्रसूता कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। उस समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बच्चे के जन्म के बाद बस में खुशी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने स्वेच्छा से आर्थिक सहायता भी प्रदान की और परिवार को शुभकामनाएं दीं।










