
जगदलपुर। CG DASTAK
शहर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट में कार पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पार्किंग में तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड के साथ एक युवक ने कथित तौर पर मारपीट की। घटना का पूरा घटनाक्रम मेगा मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जमीन पर गिराकर घसीट-घसीटकर पीटा
वायरल वीडियो में युवक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड को जमीन पर गिराकर घसीटते और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं गार्ड खुद को बचाने का प्रयास करता नजर आता है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
गार्ड की बेटी ने की एफआईआर की मांग
पीड़ित सुरक्षा गार्ड की बेटी ने आरोपी युवक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि बुजुर्ग गार्ड अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे, लेकिन उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल मामले में पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










