भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने ग्रामीणों संग किया हाईवे जाम, सड़क नहीं बनने पर फूटा गुस्सा; कांग्रेस ने भी साधा सरकार पर निशाना

0
36

गरियाबंद। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अपने ही गांव में सीसी सड़क नहीं बनने से नाराज भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेशनल हाईवे-130सी पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के बीच कांग्रेस भी मौके पर पहुंच गई और भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाए।

दो साल से सीसी सड़क की मांग

मामला देवभोग थाना क्षेत्र के मुड़ागांव का है। ग्रामीणों के अनुसार, आश्रित पारा करलाकोट में पिछले दो वर्षों से सीसी सड़क बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

बरसात के दौरान गांव की सड़कें कीचड़ से भर जाती हैं, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने संभाला मोर्चा

ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा, “जिस तेजी से प्रशासन हमें हटाने पहुंचा, यदि उसी तत्परता से हमारी समस्या का समाधान किया जाता तो आज सड़क पर उतरने की नौबत नहीं आती।”

पुलिस ने एक घंटे में हटाया जाम

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया।

कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना

प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी गांव पहुंचे। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के पदाधिकारियों को ही विकास कार्यों के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, तो सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता सामने आ जाती है।

प्रशासन ने मांगा ज्ञापन

तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया है। ग्रामीणों से मांगपत्र प्राप्त कर लिया गया है, जिसे उच्च अधिकारियों के माध्यम से प्रशासन तक भेजा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here