
कटघोरा (कोरबा)। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में कूलर में करंट आने से 10 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान जटगा मोड़ (कसनिया) निवासी अमर सिंह के इकलौते बेटे दक्ष के रूप में हुई है।
खेलते-खेलते कूलर के संपर्क में आया मासूम
जानकारी के अनुसार, मासूम दक्ष घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह उस कूलर के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देर रात करीब 12 बजे जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बरसात में बरतें सावधानी
बरसात के मौसम में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराएं। अर्थिंग और वायरिंग में खराबी जानलेवा साबित हो सकती है। छोटे बच्चों को बिजली के उपकरणों से दूर रखें और किसी भी प्रकार का करंट महसूस होने पर तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर विशेषज्ञ से जांच कराएं।










