
बालोद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रोज-रोज के झगड़े से परेशान एक महिला ने आधी रात अपनी सौतन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आधी रात वारदात को दिया अंजाम
यह सनसनीखेज घटना नेवारीकला गांव की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी अमृत बाई साहू ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी सौतन दया बाई साहू पर पहले खाट के खुले (लकड़ी के हिस्से) से हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और खेत की ओर भाग गई।
पति ने देखा खून से लथपथ शव
रात करीब 3 बजे पति चिम्मन साहू की नींद खुली तो उसने देखा कि उसके साथ सो रही अमृत बाई कमरे में नहीं थी। जब वह दूसरे कमरे में पहुंचा तो दया बाई का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी ग्रामीणों और कोटवार के माध्यम से पुलिस को दी गई।
फोरेंसिक जांच में खुला राज
सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका की सौतन ने ही की है।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने अमृत बाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि सौतन के साथ लगातार होने वाले विवाद और झगड़ों से तंग आकर उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी जेल भेजी गई
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










