कोरबा में कपड़ा दुकान में भीषण आग: ‘पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर’ जलकर खाक, लाखों के नुकसान की आशंका

0
12

कोरबा। CG DASTAK 

शहर के पावर हाउस रोड स्थित पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। दुकान से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

देर रात दिखा धुआं, मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण अधिकांश दुकानें बंद थीं। रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने कपड़ा दुकान से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गया।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

दमकल विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।

बड़ा हादसा टला

राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी। यदि आग फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि दुकान संचालक को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here