
रायगढ़। CG DASTAK
जिले के कापू थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घर में मिला महिला का शव
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को ग्राम पारेमेर में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां जीतो बाई मंझवार (43 वर्ष) का शव घर के अंदर मिला।
पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और प्रारंभिक जांच शुरू की।
जांच में पति पर हत्या का आरोप
मर्ग जांच और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रामनाथ मंझवार की संलिप्तता सामने आने पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फरार होने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गांव छोड़ने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रामनाथ मंझवार (50 वर्ष), निवासी ग्राम पारेमेर, थाना कापू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना की रात उसका पत्नी से मामूली विवाद हुआ था। खाना खाने के बाद पत्नी आंगन में सो गई थी। उसे घर के अंदर सोने के लिए कहने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में उसने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की, फिर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी पत्नी की मौत हो गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।










