कबीरधाम में बड़ा सड़क हादसा: हाफ नदी में गिरी इनोवा, पति-पत्नी घायल; फिर उठे ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के सवाल

0
10

कबीरधाम। CG DASTAK 

जिले के पांडातराई मोड़ स्थित हाफ नदी के पास एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर हाफ नदी में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बारिश और अंधेरे में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, अंधेरा और बारिश के कारण वाहन चालक सड़क की सही दिशा का अंदाजा नहीं लगा सका। इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मूसलाधार बारिश व अंधेरे के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दो महीने पहले भी हुई थी दर्दनाक दुर्घटना

गौरतलब है कि करीब दो माह पहले इसी स्थान पर एक कार हाफ नदी में गिर गई थी, जिसमें पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।

अधूरा पुल और सुरक्षा इंतजामों की कमी पर नाराजगी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। साथ ही मौके पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माणाधीन पुल का कार्य जल्द पूरा कराने, पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने, चेतावनी संकेतक लगाने और रात में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here