कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन: पवन खेड़ा ने मोदी सरकार, भाजपा और RSS पर साधा निशाना

0
6

रायपुर। CG DASTAK 

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को राजनीतिक संदेशों और संगठनात्मक संकल्प के साथ संपन्न हो गया। समापन सत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने केंद्र की मोदी सरकार, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोला। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी 41 जिला अध्यक्षों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए।

मोदी सरकार पर साधा निशाना

समापन सत्र को संबोधित करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार रोजगार, महंगाई, विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि आज पाकिस्तान, चीन, अमेरिका और बांग्लादेश जैसे देश भी भारत को चुनौती दे रहे हैं, जबकि कांग्रेस सरकारों के समय देश की विदेश नीति मजबूत थी।

उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, बढ़ती महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन विषयों को मजबूती से जनता के बीच लेकर जाएगी।

RSS और राम मंदिर ट्रस्ट पर भी उठाए सवाल

रायपुर पहुंचने पर मीडिया से चर्चा के दौरान पवन खेड़ा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन और देश के इतिहास में संघ का कोई योगदान नहीं रहा। साथ ही अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में ऐसे प्रशिक्षण शिविर संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को प्रभावी संवाद के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कई वरिष्ठ नेताओं ने दिए व्याख्यान

प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव, अलका लांबा, शशिकांत सेंथिल, वामची रेड्डी, धनेन्द्र साहू, सुशील आनंद शुक्ला, अमीन मेमन और भानुप्रताप सिंह सहित कई राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेताओं ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए।

प्रदेश की राजनीति में दिखेगा ट्रेनिंग का असर” : दीपक बैज

शिविर के समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 10 दिनों के मंथन का असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने नए जिला अध्यक्षों को संगठन, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और जनआंदोलनों के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित किया है।

बैज ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में नई और आक्रामक कांग्रेस दिखाई देगी। जिला अध्यक्ष गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाएंगे और भाजपा सरकार को जवाब देंगे। उन्होंने रेत खनन, स्मार्ट बिजली मीटर और किसानों के मुद्दों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here