CG News: फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट के नाम पर DSP से 5 लाख की ठगी, भरोसे का उठाया फायदा

0
9

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट के नाम पर पुलिस विभाग के एक डीएसपी से 5 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी पर भरोसे का फायदा उठाकर अमानत में खयानत करने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो साल की पहचान का उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर स्थित विजेता कॉम्प्लेक्स निवासी और वर्तमान में पीएचक्यू नया रायपुर में पदस्थ डीएसपी पुनदास अंचल ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे को जानते थे। आरोपी ने स्वयं को पेशे से वकील और फाइनेंस-इन्वेस्टमेंट का काम करने वाला बताया था, जिससे उस पर विश्वास बन गया।

अधिक मुनाफे का दिया लालच

शिकायत के मुताबिक 25 जून को आरोपी ने डीएसपी को अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निवेश के लिए तैयार किया। सबसे पहले उन्हें कमल विहार स्थित श्री वेंकट अस्पताल के सामने बुलाया गया, जहां नकदी दोगुनी करने का दावा किया गया। बाद में उन्हें अभनपुर रोड स्थित प्रोग्रेसिव प्वाइंट और फिर रात में कटोरा तालाब स्थित नेताजी चौक बुलाया गया।

कार से गायब हुआ 5 लाख रुपये का सूटकेस

बताया गया कि नेताजी चौक से आरोपी और उसके दो साथी डीएसपी की कार में बैठकर इलेवन स्टार गार्डन पहुंचे। वहां कुछ अन्य लोग भी पहुंचे और आपस में विवाद होने लगा। इसी दौरान डीएसपी कार से बाहर निकल गए। जब वे वापस लौटे तो कार में रखा सूटकेस गायब था, जिसमें 500-500 रुपये के नोटों के दो बंडल (कुल 5 लाख रुपये) और बैंक से जुड़े दस्तावेज रखे थे। मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज कार में ही मौजूद थे, जबकि आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद आरोपियों से संपर्क नहीं हो सका। डीएसपी की शिकायत पर पुलिस ने अमानत में खयानत (Criminal Breach of Trust) का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल्स, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here