
दंतेवाड़ा। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। गीदम थाना पुलिस ने ट्रक चालक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सड़क हादसे के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को महासमुंद निवासी 25 वर्षीय ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू जगदलपुर से गीदम की ओर ट्रक लेकर जा रहा था। बंजारी घाट क्षेत्र में उसकी ट्रक और एक मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मारपीट और धमकी देने का आरोप
जांच में सामने आया है कि मर्सिडीज कार चालक सागर हेमला (42 वर्ष), निवासी गंगालूर बेस कैंप, जिला बीजापुर ने कथित तौर पर ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उस पर वाहन क्षति के नाम पर पैसों की मांग करने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के भी आरोप हैं।
आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो
घटना के अगले दिन ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू ने गीदम थाना क्षेत्र में एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर कई वीडियो अपलोड किए।
वीडियो में उसने अपनी मां और परिजनों से माफी मांगी तथा ट्रक मालिक के नाम भी भावुक संदेश छोड़ा। उसने आरोप लगाया कि सड़क हादसे के बाद उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया तथा उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उसने यह भी कहा कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी, बल्कि वाहन से नियंत्रण खो जाने के कारण हुई।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सागर हेमला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।










