
धमतरी। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मगरलोड थाना क्षेत्र के कपालफोड़ी गांव में तालाब में नहाने गई दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
तालाब में नहाने गई थीं दोनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान गीतिका साहू (9 वर्ष) और खुशबू साहू (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों कपालफोड़ी गांव की निवासी थीं और कक्षा चौथी की छात्राएं थीं।
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां गुरुवार को गांव के तालाब में नहाने गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे से गांव में मातम
दो मासूम बच्चियों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।








