CG News: रायगढ़ में जली मिली महिला की लाश का खुलासा, प्रेमी ने गला घोंटकर की हत्या; पहचान छिपाने के लिए शव जलाया

0
14

News:रायगढ़। CG DASTAK 

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश के अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी ने पहले महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या की और बाद में पहचान छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक अधेड़ महिला का जला हुआ शव मिला था। घटनास्थल पर शव को घसीटने के निशान भी मिले थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सोशल मीडिया से हुई मृतिका की पहचान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मृतका के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा औद्योगिक इकाइयों में प्रसारित किए। इसके बाद जशपुर जिले के ग्राम बोरो से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की। मृतका पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी करती थी।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही इमिलीयूस तिग्गा को जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एनआर फेरो प्लांट में मजदूरी करता था। करीब तीन महीने पहले उसकी पहचान मंगरिता एक्का से हुई और दोनों साथ रहने लगे थे। महिला अक्सर दूसरी पत्नी रखने के शक में उससे विवाद करती थी।

गला घोंटकर हत्या, फिर पेट्रोल डालकर शव जलाया

आरोपी ने बताया कि 17 जून को दोनों महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और शाम को पेट्रोल पंप से पेट्रोल लाकर शव को घसीटकर क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने कपड़े, पेट्रोल की बोतल और माचिस बरामद की है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here