CG News: खरीफ तैयारियों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश; अधिकारी का एक माह का वेतन रोका

0
16

 

News: CG DASTAK 

एमसीबी। खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के हितों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, लंबित एग्रीस्टैक कार्य शीघ्र पूरा करने तथा नैनो उर्वरकों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर ने खाद एवं बीज की उपलब्धता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, एग्रीस्टैक, दलहन-तिलहन प्रोत्साहन योजना और नैनो डीएपी व नैनो यूरिया के उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध रहें तथा किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

एग्रीस्टैक कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के 29,522 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें 21,455 किसानों का एग्रीस्टैक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 8,067 किसानों का कार्य लंबित है। इस पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को मिशन मोड में लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

नैनो उर्वरकों के प्रचार और दलहन-तिलहन उत्पादन पर जोर

कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को किसान गोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और प्रदर्शन प्लॉटों के माध्यम से नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन लागत कम होगी, उर्वरकों की दक्षता बढ़ेगी और भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहेगी।

साथ ही किसानों को धान के साथ दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए बताया गया कि पात्र किसानों को 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

लापरवाही पर अधिकारी का वेतन रोका

बैठक के दौरान विभागीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने आरईएओ देवाडांड नीरज कुमार के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को शासन की सभी कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here