
रायपुर। CG DASTAK
दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से चर्चित आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर लाया गया। पहले उन्हें रायपुर केंद्रीय जेल लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इलाज और जांच के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, महासमुंद केंद्रीय जेल में बंद रहने के दौरान आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद महासमुंद पुलिस की विशेष टीम उन्हें गोपनीय तरीके से रायपुर लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि उनकी सोनोग्राफी सहित अन्य चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद उन्हें वापस महासमुंद जेल भेजा जाएगा।
रायपुर लाए जाने के दौरान मीडिया द्वारा दुष्कर्म के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर नरेंद्र नयन शास्त्री ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि “हो सकता है यह मेरे खिलाफ साजिश हो।”
गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों के समर्थन में पर्याप्त तथ्य मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्यायिक प्रावधानों के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
नरेंद्र नयन शास्त्री कथावाचन और ज्योतिष के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। आम लोगों के बीच उनकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में रही है और उनके आश्रम व धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते थे।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की निगरानी में उनका उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की कानूनी प्रक्रिया पूर्ववत जारी है।









