CG News: तेज आंधी-तूफान में गिरी फैक्ट्री की बाउंड्रीवॉल, मलबे में दबकर महिला मजदूर की मौत, दो घायल

0
13

रायगढ़। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दो उद्योगों के बीच बनी बाउंड्रीवॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा पास में बनी मजदूरों की झोपड़ी पर गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच बनी बाउंड्रीवॉल के समीप कुछ मजदूर अस्थायी झोपड़ियों में रह रहे थे। गुरुवार शाम करीब 6 बजे मौसम अचानक खराब हुआ और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाउंड्रीवॉल गिर गई, जिससे झोपड़ी मलबे में दब गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबी रंभा यादव को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायल मजदूरों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक महिला के गर्भवती होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाउंड्रीवॉल गिरने के कारणों, निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के पालन की जांच कर रही है। इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here