
जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के तारागढ़ गांव की है, जहां घर के कूलर में पानी भरते समय महिला अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, महिला रविवार को अपने घर में कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान कूलर में करंट प्रवाहित होने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने तत्काल महिला को कूलर से अलग किया।
परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गर्मी के मौसम में कूलर, पंखा और अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।









