बलरामपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, विरोध करने पर भाई के बांधे हाथ-पैर, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
80

बलरामपुर।

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र से सामूहिक दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती अपने फुफेरे भाई के साथ रिश्तेदार के घर जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके भाई के हाथ-पैर बांध दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर पीड़िता अपने फुफेरे भाई के साथ वाड्रफनगर बस स्टैंड पर उतरी थी और वहां से पैदल अपनी फुआ के घर जा रही थी। रास्ते में जंगलनुमा क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और युवती के साथ जबरन अनाचार करने का प्रयास करने लगे। भाई द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गमछे से उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके बाद बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया।

घटना के दौरान पीड़िता का फुफेरा भाई किसी तरह बंधन से मुक्त होने में सफल रहा और भागकर वाड्रफनगर पुलिस सहायता केंद्र पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पीड़िता का बयान दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों की उम्र 25 वर्ष से कम है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here