
कोंडागांव।
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में पटवारी भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी आरोपी को संगठन से निष्कासित कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में निकली पटवारी भर्ती के दौरान उसके परिचित ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल ने चयन कराने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर रितेश पटेल ने विभिन्न किश्तों में उससे कुल 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रितेश पटेल पहले भी ठगी, बलवा और अन्य मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
मामले के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस संगठन ने भी सख्त कदम उठाते हुए रितेश पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य शिकायतें सामने आती हैं तो उनके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।








