
रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी वारदात होने से पहले ही अपराधियों की साजिश नाकाम कर दी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर केनाल रोड के पास स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर डकैती की योजना बना रहे 6 आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, 4 डंडे, हॉकी स्टिक और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस को 29 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ डकैती की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कॉर्पियो वाहन को घेराबंदी कर रोका, जिसमें सवार सभी 6 आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान वाहन से घातक हथियार बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने डकैती की योजना बनाना स्वीकार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 50/26 धारा 310(4), 313 BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
कमिश्नरेट पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में संभावित बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने साफ किया है कि रायपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्ती आगे भी जारी रहेगी।










