रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने की फिराक में थे 5 तस्कर, पुलिस ने 25.175 किलो गांजा के साथ पकड़ा, सभी पुणे के निवासी

0

रायगढ़। CG DASTAK 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार युवकों और एक अपचारी बालक सहित कुल पांच लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से 25.175 किलोग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे जिले के रहने वाले हैं। वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन के जरिए रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से पुणे जाने की तैयारी थी, लेकिन रास्ते के खर्च के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पहली कार्रवाई में 20.434 किलो गांजा बरामद

20 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे पर तीन व्यक्ति बैग और ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बैठे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अमोल बबन धोत्रे (29), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18) और शुभम नंदू गुंजाल (23) के रूप में हुई। तीनों महाराष्ट्र के पुणे जिले के निवासी हैं।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आईफोन, रेडमी और ओप्पो के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई में 4.741 किलो गांजा के साथ दो पकड़े गए

इसी दौरान पुलिस को रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो संदिग्धों के बैग में गांजा रखे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में एक की पहचान इम्तियाज रफिक ईनामदार (21), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। दूसरा 16 वर्ष 2 माह का अपचारी बालक निकला।

तलाशी के दौरान इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये कीमत का एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ ओडिशा से गांजा खरीदकर पुणे ले जा रहे थे। रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे की यात्रा के लिए साधन की व्यवस्था करने और रास्ते के खर्च के लिए स्टेशन के बाहर गांजा बेचने की तैयारी कर रहे थे। आरोपी गांजे के कारोबार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।

दो अलग-अलग मामलों में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है।

दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 582/2026 और 583/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

5.82 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 25.175 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 92 हजार रुपये है। इसके अलावा मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 82 हजार रुपये है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत यह कार्रवाई की गई। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here