सक्ती में दर्दनाक सड़क हादसा: रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे तीन लोगों की मौत, यात्री बस ने बाइक को मारी टक्कर

0

सक्ती। CG DASTAK 

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सक्ती क्षेत्र के सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में भजन गायन करने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

रायपुर से डभरा जा रही थी यात्री बस

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारीपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ। रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस और सक्ती से चंद्रपुर की ओर जा रही बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में तीन लोग शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:

हरिशंकर चौहान (40 वर्ष)

मोहरदास बैरागी (55 वर्ष)

शेतकुमार पटेल (62 वर्ष)

तीनों ग्राम दर्री के निवासी बताए गए हैं। वे एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में गायन प्रस्तुति देने जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम

एक ही गांव के तीन लोगों की असमय मौत से ग्राम दर्री और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। धार्मिक कार्यक्रम में भजन गाने के लिए घर से निकले तीनों लोगों की यात्रा कभी वापस नहीं लौट सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here