
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार साइबर ठगों ने रेलवे के एक रिटायर्ड कर्मचारी को निशाना बनाया। पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने और PPO नंबर अपडेट करने का झांसा देकर ठगों ने उनके बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपये पार कर दिए।

आरोपी ने खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताकर फोन किया और रेलवे के HRMS ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ IT एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को आया कॉल, खुद को बताया रेलवे कर्मचारी
पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी 52 वर्षीय श्रद्धा जोल्दे ने शनिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताया।
PPO नंबर अपडेट कराने का दिया झांसा
फोन करने वाले ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों को रिटायरमेंट के एक साल बाद PPO नंबर अपडेट कराना जरूरी होता है। आरोपी ने इसी प्रक्रिया का हवाला देकर उन्हें भरोसे में लिया।
इसके बाद मोबाइल पर रेलवे का HRMS ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया। आरोपी ने मोबाइल के जरिए पूरी प्रक्रिया कराने की बात कही।
कुछ ही देर में खाते से निकल गए 7.49 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, मोबाइल पर बताई गई प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही देर बाद बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपये ट्रांसफर हो गए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर परिवार को ठगी का पता चला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस
डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कॉल करने वाले मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटा रही है।
मामले की जांच जारी है।
CG दस्तक | हर खबर, सीधा सच!









