
सूरजपुर। CG DASTAK
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत नाले में गिरने से होने की कहानी बताई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
नाले में गिरने की बताई थी कहानी
पुलिस के मुताबिक, ग्राम रैसरा निवासी लालू प्रसाद पण्डो (35) ने 10 नवंबर को चौकी चंद्रा में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी लक्ष्मती बाई की नाले में गिरने से आई अंदरूनी चोटों के कारण मौत हो गई है।
आरोपी ने बताया था कि 9 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि के संबंध में जानकारी लेने ग्राहक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों अपने फूफा के घर ग्राम टोमो जाने के लिए निकले थे।
उसने पुलिस को बताया कि शाम करीब 7 बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई और पानी में भीग गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की पोल
आरोपी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे पत्नी को देखने पर उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसने मौत का कारण नाले में गिरने से लगी चोटों को बताया था।
लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं हुई थी। उसके शरीर पर हाथ-मुक्के और लात से की गई मारपीट के गंभीर अंदरूनी चोटों के निशान मिले थे।
जल्दी चलने को कहने पर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 नवंबर को पत्नी के साथ लौटते समय बेवराडांड के ईरा नाला के पानी में उसके गिरने की बात हुई थी। उसे उठाकर नाला पार कराने के बाद आरोपी ने जल्दी चलने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर पत्नी ने उसे अपशब्द कहे, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
हत्या और सबूत छिपाने के आरोप में गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। चौकी चंद्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालू प्रसाद पण्डो (35), निवासी ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
CG दस्तक की अपील: घरेलू हिंसा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित पुलिस या प्रशासन को दें।









