
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर अज्ञात युवक फरार हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय मार्केट की है। महिला अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक की पिछली सीट पर बैठी महिला को निशाना बनाकर आरोपी ने पीछे से झपट्टा मारा और चेन लेकर भाग निकला।

पीड़िता की पहचान सोनमुड़ा नवापारा निवासी सुमित्रा यादव (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने बेटे आशीष यादव के साथ सब्जी खरीदने संजय मार्केट आई थीं।
बाइक पर बैठते समय बदमाश ने मारा झपट्टा
जानकारी के मुताबिक, सब्जी खरीदने के बाद मां-बेटे घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सुमित्रा यादव बाइक की पिछली सीट पर बैठी हुई थीं। तभी करीब 25 से 30 साल का एक अज्ञात युवक पीछे से आया और उनके गले में पहनी 14 पत्ती वाली सोने की माला खींचकर भागने लगा।
झपट्टा मारने से माला टूटकर नीचे गिर गई। माला में लगी 14 सोने की पत्तियों में से 11 पत्तियां नीचे गिर गईं, जबकि आरोपी 3 पत्तियां लेकर फरार हो गया।
30 हजार रुपये की बताई गई चोरी
बताया गया है कि आरोपी सोने की तीन पत्तियां लेकर बाजार की ओर तेजी से भाग निकला। चोरी गए सोने की पत्तियों की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
गुलाबी शर्ट पहने था आरोपी
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी की उम्र करीब 25 से 30 साल थी और उसने गुलाबी रंग की शर्ट पहन रखी थी। घटना के बाद आसपास के इलाके में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









